न्यूजीलैंड की ODI टीम का एलान, मैट फिशर को पहली बार मौका; जैकब डफी की हुई वापसी

वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी 5 मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का एलान हो गया है। कीवी टीम में पहली बार मैथ्यू फिशर को मौका मिला है, जबकि धाकड़ तेज गेंदबाज जैकब डफी की वापसी हुई है।
11 जुलाई से इस सीरीज का आगाज होना है, जिसमें कुछ खिलाड़ी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे, क्योंकि वह अमेरिका में जारी मेजर लीग क्रिकेट का हिस्सा हैं, जिसमें रचिन रविंद्र का नाम भी शामिल हैं।
WI vs NZ ODI: न्यूजीलैंड की वनडे टीम का एलान
न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए वनडे टीम का एलान किया दरअसल, न्यूजीलैंड ने अपने 16 सदस्यीय स्क्वॉड का एलान कर दिया है। विंडीज के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए बॉलर मैट फिशर को पहली बार वनडे टीम में मौका मिला है, जबकि इंग्लैंड टेस्ट दौरे को मिस करने के बाद जैकब डफी की वापसी हुई है। 26 साल के मैट फिशर की बात करें तो उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में घरेलू स्तर पर अच्छा परफॉर्म किया है।
25 मैचों में उन्होंने 43 विकेट चटकाए। वह इंटरनेशनल डेब्यू कर चुके हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट मैच 2025 अगस्त में खेला था, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ अप्रैल 2026 में आखिरी टी20आई मैच खेला। आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 फाइनल के बाद जैकब डफी पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नजर आएंगे।
वह अपने पहले बच्चे के जन्म की वजह से इंग्लैंड टेस्ट टूर मिस कर बैठे थे। कीवी टीम की कप्तानी मिचेल सेंटनर ही करेंगे, जबकि टॉम लैथम की बतौर विकेटकीपर वापसी हुई। स्पिन डिपार्टमेंट में माइकल ब्रेसवेल, जायडेन लेनॉक्स और डीन फॉक्सक्राफ्ट शामिल हैं।
लेनॉक्स अपने तीसरे विदेशी दौरे पर होंगे, जिन्होंने भारत में अच्छी गेंदबाजी की थी। डेवोन कॉनवे को छुट्टी दी गई है, जो हाल ही में पिता बने हैं। उनके अलावा काइल जैमीसन, मैट हेनरी और विल ओराउर्की इस सीरीज को मिस करने वाले हैं, क्योंकि 2026 के पहले हाफ में उन्होंने काफी क्रिकेट खेला है।
न्यूजीलैंड की टीम:
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे, निक केली, टॉम लैथम, जेडन लेनॉक्स, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, विल यंग
WI vs NZ ODI सीरीज का शेड्यूल:
पहला वनडे: 11 जुलाई, गुयाना नेशनल स्टेडियम, गुयाना
दूसरा वनडे: 13 जुलाई, गुयाना नेशनल स्टेडियम, गुयाना
तीसरा वनडे: 16 जुलाई, गुयाना नेशनल स्टेडियम, गुयाना
चौथा वनडे: 19 जुलाई, केंसिंग्टन ओवल, बारबाडोस
पांचवां वनडे: 21 जुलाई, केंसिंग्टन ओवल, बारबाडोस




